Tuesday, 12 March 2024

मेरी मां

 मेरी मां को 

तस्वीर के लिए 

मुस्कुराना नहीं आता


मैं जैसे ही खोलती हूं कैमरा

वो झेंपने लगती हैं

शर्माती हैं 

आठवीं कक्षा की लड़की सी

दो तीन बार पल्लू ठीक करती हैं

परेड में खड़े सिपाहियों से भी ज़्यादा

सीधी कर लेती हैं कमर

और फिर आखिर में

एकदम जब खिंचने वाली होती है फोटू

कसकर भींच लेती हैं 

अपने होंठ


मेरे दोस्त बताते हैं

मैं जब असहज होती हूं

ठीक वैसे ही होंठ भींच लेती हूं

बेसन की सब्ज़ी की तरह

ये मुझे सिखाया नहीं है उन्होंने

जाने कब बस सीख लिया मैंने


मैं देखती हूं 

उनके बचपन की तस्वीरें

लगता है जैसे 

मेरी ही हों

और इस तरह मेरे पास

दो दो बचपन की तस्वीरें हैं

और मां के पास 

एक भी नहीं


मैं देखती हूं

मुंबई के समंदर किनारे

छुट्टी के दिन 

पिकनिक मनाते परिवार

मां, पिता और बच्चे

घोड़ा गाड़ी की सवारी करते

चना ज़ोर गर्म चबाते

और लेते हुए खूब सारी सेल्फियां

फिर सोचती हूं

एक दिन 

उन्हें भी लाऊंगी यहां

खूब घुमाऊंगी

नाव पर बैठाऊंगी

और खींचूंगी 

एक खुश दिन की तस्वीर

जिसमें वो भी

बच्चों संग बच्ची सी लगेंगी


मुझे याद है 

एक बार हम 

पूर्णिमा के मेले में गए थे

ऊंचे झूलों

और बर्फ़ के गोलों के अलावा

एक कैमरामैन भी था वहां

हम सब एक साथ खड़े हुए थे

एक कतार में

खिंचवाने को एक

मेले वाली तस्वीर

जो कभी हमें मिल नहीं पाई

शायद उसमें वो हँसी थीं

शायद नहीं


फिर एक दिन मैंने ही खींच दी

मां की एक तस्वीर

उन्होंने भींच लिए थे होंठ

मुस्कुराई थीं 

ऐसे जैसे झूठ हो

और नहीं देख रही थीं

कैमरे की तरफ़


वो तस्वीर मेरे कमरे की दीवार पर लगी है

जब भी आत्मविश्वास से थकने लगते हैं कंधे

जब भी बेबाक होने से

मन ऊबने लगता है

देख लेती हूं उसे 


एक आठवीं कक्षा की लड़की

मुझसे कहती है 

कभी कभी हो सकती हो 

तुम भी असहज

कभी कभी 

हार सकती हो

सब कुछ कर सकने वाले भी

कुछ कुछ नहीं कर पाते


जैसे मेरी मां

जिन्हें परमाणु जितना जटिल 

हमारा घर चलाना आता है,

बस तस्वीर के लिए

मुस्कुराना बिल्कुल नहीं आता।


#Niyu02

No comments:

Post a Comment

વાતો

  ------- કુમકુમ, ચોખા, સ્વસ્તિક ને શ્રીફળની વાતો, આજ કરીશું  મુક્ત મને  અંજળની  વાતો. સ્વાભાવિક છે, હૃદયવિદારક હોઈ  શકે છે, નહિ  ખખડેલાં દ્...